चीन लद्दाख सीमा पर लगातार घुसपैठ की कोशिश कर रहा है. इस बीच अरुणाचल
सीमा से हैरान करने वाला सामने आया है. यहां से पांच भारतीय गायब हैं और
आरोप है कि चीनी सेना ने इन्हें अगवा कर लिया है.
चीन के साथ लद्दाख सीमा पर पिछले कई महीनों से तनाव की स्थिति बरकरार है.
चीनी साजिश का मुकाबला करने के लिए भारतीय सेना के जवान सीमा पर तैनात हैं.
सिर्फ लद्दाख नहीं बल्कि चीन से सटी अन्य सीमाओं पर भी सुरक्षा बढ़ाई गई
है. इस बीच अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया.
यहां आरोप है कि चीनी सेना पीपुल्स रिपब्लिक आर्मी (PLA) ने बॉर्डर से पांच
भारतीयों को पकड़ लिया है और अब छोड़ नहीं रहे हैं. भारतीय सेना की ओर से
इस बारे में चीनी सेना को शिकायत भी की गई है. ऐसे में ये पूरा मामला क्या
है, एक बार समझिए..
क्या है पूरा विवाद?
जब देश में हर किसी की निगाहें चीन से सटे लद्दाख बॉर्डर पर टिकी थीं, तब
अरुणाचल सीमा के पास से हैरान करने वाली खबर आई. अरुणाचल प्रदेश से
कांग्रेस विधायक निनॉन्ग इरिंग ने दावा किया कि चीनी सेना PLA ने भारत के
पांच युवकों को अगवा कर लिया है. उन्होंने दावा किया कि हमारे यहां के लोग
अपने जानवरों को घुमाने के लिए खेतों के पास जाते हैं. इस बार जब कुछ युवक
मछली पकड़ने गए तो चीनी सेना ने उन्हें पकड़ लिया. इरिंग ने दावा किया कि
इससे साबित होता है कि चीनी सेना सिर्फ लद्दाख नहीं बल्कि अरुणाचल में भी
LAC तक आ गई है.
कौन हैं गायब होने वाले लोग?
कांग्रेस नेता ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक फेसबुक पोस्ट साझा किया, जिसमें
इन पांच लोगों के अगवा होने का दावा किया गया है. प्रकाश रिंगलिंग द्वारा
लिखे इस पोस्ट में कहा गया है, ‘मेरा भाई प्रसाद रिंगलिंग S/O ताको
रिंगलिंग और नाचो सर्कल के चार अन्य युवकों को चीनी सेना ने अगवा कर लिया
है. चीनी सेना ने इन्हें सीरा-7 (भारत-चीन बॉर्डर) से पकड़ा है. ऐसे में
मैं राज्य सरकार और सेना से अपील करता हूं कि वो एक्शन लें और हमारे लड़कों
को वापस लाएं.’
कांग्रेस नेता ने इस पोस्ट को ट्वीट करते हुए भारत सरकार से मदद मांगी, साथ
ही प्रधानमंत्री-विदेश मंत्री-राज्य के मुख्यमंत्री आदि को पोस्ट में टैग
किया.
पोस्ट में जो नाम दिए गए हैं, उनके अनुसार अगवा होने वाले ये पांच लोग हैं
1. तानू बाकर
2. प्रसाद रिंगलिंग
3. नगारू डिरी
4. डोंगतू इबिया
5. तोच सिंगकाम
